उत्तर प्रदेश

बलरामपुर में सीएम योगी का कार्यक्रम, खिलाड़ियों को सम्मान और किसानों को कृषि यंत्र वितरित।

खेल, शिक्षा और कृषि पर जोर, बलरामपुर में योगी आदित्यनाथ ने बांटे पुरस्कार और उपकरण।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बलरामपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन सामग्री वितरित की और देवी स्वरूपा बच्चियों को चुनरी पहनाकर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने कृषि मेले का शुभारंभ किया और कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए किसानों को कृषि यंत्र भी प्रदान किए।

खेल प्रतिभाओं को सम्मान, विजेता खिलाड़ियों को मिला प्रोत्साहन।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने वाली खिलाड़ियों को पुरस्कार और ट्रैकशूट प्रदान किए। सम्मानित खिलाड़ियों में कंचन भी शामिल रहीं, जिन्होंने प्रयागराज में आयोजित 36वीं नॉर्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता की लंबी कूद स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके अलावा प्राची जैन को राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने, जबकि संध्या यादव और ममता को सहारनपुर में आयोजित राज्य स्तरीय स्कूल गेम्स जूडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल करने के लिए सम्मानित किया गया।

ताइक्वांडो में उपलब्धि हासिल करने वाली पलक शुक्ला और अनाया गुप्ता को भी सम्मान मिला। पलक शुक्ला ने कानपुर की टीएसएच प्रतियोगिता और लखनऊ की 44वीं जूनियर ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, राष्ट्रीय स्तर की केवीएस खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली साची कश्यप, साक्षी सिंह और साक्षी सिद्धार्थ सहित अन्य खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित किया गया।

बच्चियों को चुनरी पहनाकर किया सम्मानित, विद्यार्थियों को दी अध्ययन सामग्री।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में देवी स्वरूपा बच्चियों को चुनरी पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चियों को स्टडी टेबल और चॉकलेट भी प्रदान की। इसके साथ ही विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को आशीर्वाद पत्र और पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई। इस सूची में उच्च प्राथमिक विद्यालय हिंडुली कला के हीरालाल, बढ़या पकड़ी की अर्चना सैनी, कंपोजिट विद्यालय सेमरा गुलहरिया की काजल और बलदेव नगर के प्रभु जायसवाल सहित कुल 12 विद्यार्थियों के नाम शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विद्यालय धर्मपुर की छात्राओं गायत्री, प्रिया और जयश्री ने मुख्यमंत्री को ग्रीटिंग कार्ड, पुष्पगुच्छ, स्वरचित कविता और पुस्तक भेंट की।

कृषि मेले का शुभारंभ, किसानों को मिले आधुनिक कृषि उपकरण।

मुख्यमंत्री ने कृषि मेले का उद्घाटन करने के बाद कृषि उत्पादों पर आधारित प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों को कृषि कार्यों में सहायता देने के उद्देश्य से विभिन्न उपकरण वितरित किए गए। कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के तहत जगनारायण और मोतीलाल यादव को कृषि केंद्रों की चाबियां प्रदान की गईं। वहीं, सर्वेश्वर मणि तिवारी, दिलीप कुमार और हरीश कुमार को पावर स्प्रेयर दिए गए। इन उपकरणों के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी कार्यों में सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

Related Articles

Back to top button