उत्तर प्रदेश

महर्षि भृगु आश्रम का होगा कायाकल्प, योगी सरकार खर्च करेगी 8.74 करोड़ रुपये।

योगी सरकार की पर्यटन योजना में बलिया को जगह, महर्षि भृगु आश्रम का होगा विकास।

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार बलिया स्थित महर्षि भृगु आश्रम को धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री पर्यटन स्थलों के विकास योजना के तहत आश्रम के विकास पर 8.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र की प्राचीन सांस्कृतिक और पौराणिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाना है।

महर्षि भृगु आश्रम को मिलेगा भव्य स्वरूप।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, बलिया स्थित इस तपोस्थली पर महर्षि भृगु ने तपस्या की थी और भृगु संहिता की रचना से भी इस स्थान को जोड़ा जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकताओं में शामिल इस आश्रम के विकास को धार्मिक पर्यटन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार ने पहले भी बलिया में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर महर्षि भृगु कॉरिडोर विकसित करने की बात कही है।

आश्रम में विकसित होंगी आधुनिक पर्यटन सुविधाएं।

परियोजना के तहत आश्रम परिसर में भव्य स्वागत द्वार, दो मंजिला मल्टीपर्पज हॉल और श्रद्धालुओं के लिए यात्री शेड बनाया जाएगा। इसके अलावा परिसर को आकर्षक बनाने के लिए वॉल आर्ट और म्यूरल आर्ट विकसित किए जाएंगे। पर्यटकों की सुविधा के लिए आधुनिक साइनेज लगाए जाएंगे और महर्षि भृगु की पौराणिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से लाइट एंड साउंड शो की व्यवस्था भी की जाएगी। इन सुविधाओं के विकास से आश्रम में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद है। साथ ही, बलिया की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को पर्यटन के माध्यम से आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

बलिया की पर्यटन संभावनाओं को विस्तार देने की तैयारी।

बिहार सीमा से सटे बलिया जिले का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व रहा है। यह जिला स्वतंत्रता आंदोलन में अपनी भूमिका के लिए भी जाना जाता है। उपलब्ध विभागीय जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 में जिले में 10.31 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे थे। ऐसे में महर्षि भृगु आश्रम का विकास स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाएं पैदा करता है।

धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन पर सरकार का जोर।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार धार्मिक, आध्यात्मिक और पौराणिक महत्व वाले स्थलों के विकास पर काम कर रही है। उन्होंने महर्षि भृगु आश्रम को प्रदेश की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। वहीं, अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात के अनुसार, प्रदेश के 12 पर्यटन सर्किट के अंतर्गत आने वाले स्थलों के साथ महर्षि भृगु आश्रम को विकसित करने से इसकी पहचान व्यापक हो सकती है। परियोजना के माध्यम से बलिया में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देने और स्थानीय स्तर पर पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button