योगी सरकार के मिशन रोजगार को नई उड़ान, यूपीकॉन ने लॉन्च किया ‘उद्यमी बडी’।
नवरात्र पर बेटियों को उद्यमिता की सौगात, ‘मेरा सपना, मेरी शक्ति’ से मिला आत्मनिर्भरता का संदेश।
उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने की दिशा में यूपीकॉन ने एक नई पहल की है। नवरात्र के अवसर पर उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स लिमिटेड (यूपीकॉन) ने प्रदेश के विभिन्न यूथ अड्डा केंद्रों पर ‘उद्यमी बडी’ मैस्कॉट का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं, विशेषकर बेटियों और महिला उद्यमियों को अपने सपनों को साकार करने, कौशल विकसित करने और खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह पहल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयासों से जुड़ी है।
आठ से अधिक जिलों में युवाओं ने लिया हिस्सा।

यूपीकॉन की ओर से आयोजित कार्यक्रम लखनऊ, मुरादाबाद, आजमगढ़, मिर्जापुर, गोरखपुर, प्रयागराज, गोंडा और वाराणसी समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुए। इन कार्यक्रमों में सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें अपना कारोबार शुरू करने की इच्छुक युवतियों के साथ पहले से उद्यम चला रहीं महिला उद्यमी भी शामिल रहीं। कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को उद्यमिता के अवसरों, व्यावसायिक कौशल और स्वरोजगार की संभावनाओं से परिचित कराने का प्रयास किया गया।
‘मेरा सपना, मेरी शक्ति’ से बेटियों को मिला प्रोत्साहन।
इस पहल का प्रमुख आकर्षण ‘मेरा सपना, मेरी शक्ति’ गतिविधि रही। इसके तहत प्रतिभागियों से अपने सपनों को लिखने और उन कौशलों के बारे में बताने को कहा गया, जिन्हें वे भविष्य में सीखना चाहते हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को अपनी रुचि, क्षमता और व्यावसायिक संभावनाओं को पहचानने के लिए प्रेरित करना था। गतिविधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में महिला शक्ति, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया।
नई पीढ़ी की उद्यमशील सोच का प्रतीक बनेगा ‘उद्यमी बडी’।
‘उद्यमी बडी’ को एक युवा लड़की के रूप में तैयार किया गया है। यह मैस्कॉट युवाओं की उस सोच का प्रतिनिधित्व करता है, जिसमें वे अपनी प्रतिभा और कौशल के आधार पर नए अवसर तलाशकर अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। यूपीकॉन का उद्देश्य इस प्रतीक के माध्यम से युवाओं को अपने व्यावसायिक विचारों को वास्तविक उद्यम में बदलने के लिए प्रेरित करना है। विशेष रूप से बेटियों को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
सरकारी योजनाओं और वित्तीय सहायता की दी गई जानकारी।
कार्यक्रमों के दौरान युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एमएसएमई विभाग की विभिन्न ऋण एवं सहायता योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। यूथ अड्डा केंद्रों के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे इच्छुक उद्यमियों को अपने व्यावसायिक विचारों को आगे बढ़ाने के लिए उपलब्ध सहायता और अवसरों की जानकारी मिल सकेगी।
युवाओं को रोजगार देने वाला बनाने पर जोर।
यूपीकॉन के प्रबंध निदेशक प्रवीण सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य युवाओं, विशेषकर महिलाओं को उद्यमिता के अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ‘उद्यमी बडी’ केवल एक मैस्कॉट नहीं, बल्कि युवाओं को सपने देखने, नए कौशल सीखने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने वाला संदेश है। इस पहल के जरिए प्रदेश में ऐसी उद्यमशील सोच को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है, जिसमें युवा नौकरी तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजन करने वाले भी बनें।



