उत्तर प्रदेश

प्रेरणा स्थल पर जले आशीर्वाद के दीये, सीएम योगी ने शुरू किया सेवा संकल्प अभियान; बोले- नए भारत की पहचान मजबूत हुई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई। लखनऊ स्थित प्रेरणा स्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं पर दीप प्रज्ज्वलित किए। इस कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सेवा, समर्पण और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेरणा स्थल पर मौजूद छात्रों से संवाद भी किया। उन्होंने छात्रों के साथ बातचीत की, मोबाइल से वीडियो बनाया और बच्चों को चॉकलेट वितरित की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच मुख्यमंत्री का यह संवाद आकर्षण का केंद्र रहा।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर प्रदेशभर में सेवा अभियान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देशभर में करोड़ों दीप सकारात्मक भावनाओं और ऊर्जा के साथ प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ के अनुसार, राष्ट्र प्रेरणा स्थल सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों और लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में भी दीप जलाए जा रहे हैं। उन्होंने अभियान से जुड़े कर्मयोगी कार्यकर्ताओं, लाभार्थियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सीएम योगी बोले- प्रधानमंत्री मोदी हैं नए भारत के शिल्पी
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का शिल्पी बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नए भारत का शिल्पी बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश विकसित भारत की संकल्पना की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने भारत की बदलती पहचान, आधुनिक बुनियादी ढांचे और तकनीकी विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि देश विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्वकारी भूमिका की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री की विकास यात्रा को रेखांकित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना के साथ उनके साथ खड़ी है।

कार्यक्रम में कई प्रमुख नेता रहे मौजूद
प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद बृजलाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. लालजी निर्मल, विधान परिषद सदस्य डॉ. अविनाश सिंह, विधायक डॉ. नीरज बोरा और भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत कई नेता मौजूद रहे।

सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ के साथ ही प्रधानमंत्री के जन्मदिवस और विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर प्रदेश में सेवा गतिविधियों और दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रमों का संदेश प्रसारित किया गया।

Related Articles

Back to top button