नवरात्र-दिवाली से पहले यूपी में भारत टैक्सी का विस्तार, 12 और शहर जुड़ेंगे
अयोध्या-आगरा-Meerut समेत कई शहरों में भारत टैक्सी की तैयारी, बाइक-ऑटो भी नेटवर्क में शामिल
नवरात्र-दिवाली से पहले यूपी में ‘भारत टैक्सी’ का विस्तार, 12 और शहरों तक सेवा पहुंचाने की तैयारी
लखनऊ, 3 अक्टूबर। नवरात्र और दिवाली के त्योहारों से पहले उत्तर प्रदेश में ऐप आधारित स्थानीय परिवहन सेवा के विस्तार की तैयारी तेज हो गई है। ‘भारत टैक्सी’ का नेटवर्क अब बड़े शहरों से निकलकर छोटे शहरों तक पहुंचाने की योजना है। मौजूदा समय में लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज में सेवा उपलब्ध है, जबकि अगले चरण में प्रदेश के 12 और शहरों को नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी की जा रही है

नवरात्र से पहले अयोध्या, आगरा और मेरठ में सेवा की तैयारी
योजना के अनुसार अयोध्या, आगरा और मेरठ में नवरात्र से पहले भारत टैक्सी की सुविधा शुरू करने की तैयारी है। इन शहरों में ड्राइवरों और वाहनों को प्लेटफॉर्म से जोड़ने के लिए ग्राउंड ऑनबोर्डिंग और पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है।
त्योहारी सीजन में धार्मिक स्थलों, बाजारों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में इन शहरों में ऐप के जरिए टैक्सी बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
मथुरा से मिर्जापुर तक विस्तार की तैयारी
अयोध्या, आगरा और मेरठ के बाद मथुरा, फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर, हापुड़, सीतापुर, हाथरस, इटावा, मिर्जापुर और रायबरेली जैसे शहरों में भी भारत टैक्सी का नेटवर्क शुरू करने की तैयारी है।
इन शहरों में स्थानीय ड्राइवरों और वाहनों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की प्रक्रिया तेज की जा रही है। लक्ष्य है कि लगभग एक माह के भीतर नए शहरों में भी यात्रियों को यह सुविधा मिल सके।
धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहरों को भी विस्तार योजना में शामिल किया गया है। अयोध्या और मथुरा में श्रद्धालुओं की आवाजाही, जबकि आगरा में पर्यटकों की संख्या को देखते हुए परिवहन नेटवर्क के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है।

टैक्सी के साथ बाइक और ऑटो भी नेटवर्क में शामिल
भारत टैक्सी के विस्तार में सिर्फ कार और टैक्सी चालकों को ही नहीं, बल्कि टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालकों को भी जोड़ने की योजना है। इससे यात्रियों को छोटी दूरी के लिए बाइक और ऑटो जैसे विकल्प मिल सकेंगे।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश में अब तक 50 हजार से अधिक चालक भारत टैक्सी से जुड़ चुके हैं। नए शहरों में ड्राइवर ऑनबोर्डिंग शुरू होने के साथ इस संख्या में और बढ़ोतरी की तैयारी है।
त्योहारों को देखते हुए नेटवर्क विस्तार पर जोर
सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर के अनुसार अक्टूबर में नवरात्र और उसके बाद दिवाली के दौरान बाजारों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर यात्रियों का दबाव बढ़ता है। इसी को देखते हुए नए शहरों में नेटवर्क तैयार करने की प्रक्रिया तेज की गई है।
योजना के मुताबिक एक माह के भीतर 12 और शहरों को भारत टैक्सी नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी है। इससे उत्तर प्रदेश में ऐप आधारित स्थानीय परिवहन सेवा का दायरा बड़े शहरों से आगे छोटे और मध्यम शहरों तक बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।



