आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, मानदेय बढ़ने से चेहरे खिले
उत्तर प्रदेश की आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए योगी सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की। सरकार के इस फैसले के बाद प्रदेशभर में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं में खुशी का माहौल है। उन्होंने इसे अपने काम, जिम्मेदारियों और श्रम के सम्मान से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह, जबकि सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाएगा। इसके साथ ही कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और उनके परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा देने का भी ऐलान किया गया है।
सरकार के इस फैसले को लेकर मीरजापुर, मेरठ समेत प्रदेश के कई जिलों में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने खुशी जाहिर की। उनका कहना है कि आंगनवाड़ी केंद्रों के जरिए बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं तक पोषण, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

कार्यकत्रियों ने कहा कि बढ़ा हुआ मानदेय घरेलू जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा, जबकि परिवार के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से स्वास्थ्य संबंधी आर्थिक चिंताएं कम होंगी। नव नियुक्त कार्यकत्रियों ने भी सरकार के फैसले को उत्साह बढ़ाने वाला कदम बताया।
आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का कहना है कि सरकार ने आर्थिक राहत के साथ उनके काम को सम्मान भी दिया है। वहीं, तीन साड़ियां दिए जाने की घोषणा को भी उन्होंने सुविधाजनक और सम्मानजनक पहल बताया। कुल मिलाकर मानदेय वृद्धि और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े इन फैसलों ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के बीच सरकार के प्रति संतोष और उत्साह बढ़ाया है।



