UP Governmentउत्तर प्रदेशराष्ट्रीय
Trending

गांधी जयंती पर CM योगी का ऐलान, खादी के कपड़ों पर 30 जनवरी तक 25% छूट

खादी को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील, CM योगी ने गांधी-शास्त्री के विचारों को किया याद

गांधी जयंती पर CM योगी का बड़ा ऐलान, खादी के कपड़ों पर 25% छूट

लखनऊ, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खादी के वस्त्रों पर 30 जनवरी 2027 तक 25 फीसदी छूट देने की जानकारी दी और प्रदेशवासियों से खादी को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

‘खादी केवल वस्त्र नहीं, स्वदेशी का मंत्र’

हजरतगंज स्थित गांधी आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महात्मा गांधी के स्वदेशी, स्वच्छता और ग्राम स्वराज के विचारों को याद किया। उन्होंने कहा कि खादी केवल कपड़ा नहीं, बल्कि स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। खादी को अपनाने से कारीगरों, हस्तशिल्पियों और बुनकरों के हुनर को सम्मान देने के साथ उन्हें बाजार भी उपलब्ध कराया जा सकता है

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी का स्वदेशी से स्वावलंबन का मंत्र विकसित भारत की आधारशिला बन सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल टू ग्लोबल’ आह्वान का उल्लेख करते हुए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

‘बापू ने स्वतंत्रता आंदोलन को बनाया जन आंदोलन’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में महात्मा गांधी ने अन्याय, शोषण और रंगभेद के खिलाफ आवाज उठाई। भारत लौटने के बाद उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया। उनके नेतृत्व में आंदोलन से समाज के विभिन्न वर्ग और गांव-गांव के लोग जुड़े।

सीएम ने कहा कि गांधी जी के स्वच्छता, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने चरखे को आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताते हुए कहा कि इन विचारों को वर्तमान समय में भी आगे बढ़ाने की जरूरत है।

ग्राम सचिवालयों से ग्राम स्वराज की परिकल्पना का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने स्वच्छ भारत अभियान और ग्राम सचिवालयों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से जुड़े प्रयासों ने स्वास्थ्य और नारी सम्मान को मजबूती दी है। वहीं ग्राम सचिवालयों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

लाल बहादुर शास्त्री को भी किया नमन

इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लाल बहादुर शास्त्री भवन पहुंचे और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने शास्त्री जी के जीवन को याद करते हुए कहा कि वे सरल और सहज होने के साथ दृढ़ और संघर्षशील भी थे। उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्वाधीन भारत के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश बना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा में जवानों और खाद्य सुरक्षा में किसानों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने भारत की खाद्यान्न उत्पादन क्षमता का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रमों में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री राकेश सचान, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मोहसिन रजा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button