उत्तर प्रदेश

लखनऊ में बाढ़ प्रभावितों तक नावों से पहुंच रहा भोजन और राशन, योगी सरकार के निर्देश पर राहत अभियान तेज।

जलभराव वाले इलाकों में 1,900 खाद्य पैकेट और पेयजल वितरित, मच्छरों से बचाव के लिए ड्रोन से एंटी लार्वा छिड़काव।

लखनऊ, 9 अक्टूबर। गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से लखनऊ के कई इलाकों में जलभराव की समस्या के बीच राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं। योगी सरकार के निर्देश पर नगर निगम की टीमें प्रभावित परिवारों तक भोजन, राशन और पेयजल पहुंचाने में जुटी हैं। साथ ही जलभराव के बाद संभावित संक्रामक बीमारियों और मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। शुक्रवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने फैजुल्लागंज, गुल्मी खेड़ा समेत विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नावों के जरिए प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जा रही राहत सामग्री।
जलभराव के कारण कई क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने के चलते नावों के माध्यम से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। नगर निगम की टीम ने निजी संस्थाओं के सहयोग से करीब 500 से 600 पके भोजन के पैकेट के साथ कच्चा और सूखा राशन वितरित किया। राहत वितरण का कार्य जोन-3 और जोन-6 के अंतर्गत आने वाले हयात नगर, बरावन कला, टांड़ खेड़ा, सुखलाल खेड़ा, मुन्नू खेड़ा, दौलत खेड़ा, लक्ष्मी हॉस्पिटल वाली गली और गुल्मी खेड़ा समेत अन्य प्रभावित इलाकों में किया गया।

नगर निगम के अनुसार, सुबह और शाम की दोनों पालियों में कुल 1,900 खाद्य पैकेट और पेयजल की बोतलें वितरित की गईं। प्रशासन का प्रयास है कि जलभराव के कारण प्रभावित परिवारों को भोजन और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता में परेशानी न हो।

नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश।
राहत कार्यों की निगरानी के लिए नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जोन-3 में जोनल अधिकारी अजीत राय, जोनल सेनेटरी ऑफिसर सचिन सक्सेना और अधिशासी अभियंता नजमी मुजफ्फर ने व्यवस्थाओं की निगरानी की। वहीं, जोन-6 में जोनल अधिकारी अमरजीत सिंह यादव, जोनल सेनेटरी ऑफिसर राकेश कुमार और अधिशासी अभियंता अशोक यादव राहत कार्यों का जायजा लेते रहे।

ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में राहत सामग्री के प्रबंधन के लिए करीब 70 कर्मचारियों को लगाया गया है। इन कर्मचारियों ने पिछले दो दिनों में पहुंची खाद्य सामग्री को उतारने और ट्रैक्टरों पर लोड करने का काम किया, ताकि उसे प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाया जा सके।

बीमारियों की रोकथाम के लिए ड्रोन से छिड़काव।
जलभराव के बाद मच्छरों के प्रजनन और संक्रामक बीमारियों के खतरे को कम करने के लिए लोहरामऊ और दाउदनगर में ड्रोन के जरिए एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया है। नगर निगम की योजना के अनुसार, शनिवार से इस अभियान में तीन ड्रोन लगाए जाने की तैयारी है। जलस्तर स्थिर होने के बाद छिड़काव का दायरा बढ़ाने की भी योजना है।

प्रशासन की ओर से राहत वितरण, सफाई और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े कार्य जारी हैं। प्रभावित इलाकों में स्थिति के अनुसार व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि लोगों को जलभराव से पैदा हुई परेशानियों के बीच जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Related Articles

Back to top button