चित्रकूट में बाढ़ के बीच CM योगी का बड़ा एक्शन! पीड़ितों के बीच पहुंचे, बांटी राहत सामग्री, ढहे घरों के लिए दिए चेक
धर्मनगरी चित्रकूट में बाढ़ से मची तबाही के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंदाकिनी नदी के बढ़े जलस्तर से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और जमीनी निरीक्षण किया। इसके बाद रामायण मेला परिसर में आयोजित राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम में बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन किट और जरूरी राहत सामग्री वितरित की।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान बाढ़ में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए मकानों के तीन प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के चेक सौंपे। मुकेश, लल्लू और चुन्नीलाल को एक-एक लाख 20 हजार रुपये की सहायता दी गई। इसके अलावा राम सूरज और सूरज कली को भूमि आवंटन प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। प्रशासन की ओर से अभी प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे का काम जारी है। अधिकारियों के मुताबिक सर्वे पूरा होने के बाद अन्य पात्र पीड़ित परिवारों को भी नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

‘हर पीड़ित के साथ खड़ी है सरकार’
राहत सामग्री वितरण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसान, व्यापारी, गरीब और सामान्य वर्ग समेत किसी भी प्रभावित व्यक्ति को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। सरकार बिना भेदभाव के जरूरतमंदों तक हर संभव सहायता पहुंचाएगी।
सीएम योगी ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन को पुनर्वास और नुकसान के आकलन की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया।

बाढ़ पीड़ितों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
मुख्यमंत्री से सीधे राहत मिलने के बाद बाढ़ प्रभावित लोगों में संतोष दिखाई दिया। सीतापुर मलकाना क्षेत्र की रानी और मंजू ने बताया कि बाढ़ के कारण उनका घर और घरेलू सामान बुरी तरह प्रभावित हुआ। राहत किट मिलने के साथ मुख्यमंत्री की ओर से नए मकान के लिए भरोसा मिलने पर उन्होंने सरकार का आभार जताया।
कटरा गूजर गांव की आशा ने बताया कि प्रशासन की ओर से बाढ़ के शुरुआती दौर से ही खाने-पीने की सामग्री उपलब्ध कराई जा रही थी। वहीं ज्ञान सिंह ने कहा कि बाढ़ में उनका कच्चा मकान ढह गया, लेकिन अब उन्हें राहत सामग्री के साथ मकान के लिए मदद का आश्वासन मिला है।

दौरे के अंत में मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक की और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और स्थिति को सामान्य करने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के त्वरित दौरे को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार की सक्रियता की सराहना की।



