सीएम योगी से मिली बलिया की दिव्यांग बेटी रागिनी, इलाज से आवास तक मदद का भरोसा
लखनऊ, 11 सितंबर। बलिया की सात वर्षीय दिव्यांग छात्रा रागिनी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने रागिनी और उसके परिवार से मुलाकात कर उसकी स्वास्थ्य स्थिति, पढ़ाई और परिवार की जरूरतों की जानकारी ली। इस दौरान बलिया की भाजपा विधायक केतकी सिंह भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने रागिनी के इलाज, ऑपरेशन, शिक्षा और परिवार की आवास संबंधी जरूरतों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
रागिनी बलिया के मनियर ब्लॉक की दिघेड़ा ग्रामसभा के रानीपुर गांव की रहने वाली है और प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा है। स्कूल आने-जाने में परेशानी को देखते हुए परिवार की ओर से ट्राइसिकल की मांग की गई थी। मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद तत्काल संज्ञान लिया गया और प्रशासन की ओर से रागिनी को दो ट्राइसिकल उपलब्ध कराई गईं। इससे अब उसके लिए स्कूल तक पहुंचना आसान होगा।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान रागिनी के इलाज का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। परिवार के मुताबिक, कई वर्ष पहले सड़क हादसे में रागिनी के पैर में गंभीर चोट लगी थी। उसकी मां बबिता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने रागिनी के बेहतर इलाज और ऑपरेशन का खर्च उठाने का भरोसा दिया है। परिवार के लिए आवास और गांव की खराब सड़क को दुरुस्त कराने की जरूरत पर भी मुख्यमंत्री ने मदद का आश्वासन दिया।

रागिनी के पिता देवेंद्र ने मुख्यमंत्री और विधायक केतकी सिंह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की पढ़ाई जारी रखने और उसके इलाज को लेकर मुख्यमंत्री की ओर से मिले भरोसे से परिवार को बड़ी राहत मिली है।
वहीं, भाजपा विधायक केतकी सिंह ने कहा कि रागिनी का वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया था। इसके बाद जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विधायक के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने रागिनी के इलाज और ऑपरेशन, परिवार के आवास, सड़क की समस्या और उसकी पढ़ाई को लेकर सहायता का भरोसा दिया है।
राजनीतिक तौर पर भी मुख्यमंत्री की यह पहल सरकार के ‘त्वरित कार्रवाई और जनसुनवाई’ के संदेश को मजबूत करती दिखाई देती है। भाजपा विधायक ने इसे मुख्यमंत्री की संवेदनशील कार्यशैली का उदाहरण बताया। वहीं रागिनी का परिवार मुख्यमंत्री की ओर से मिले सहयोग और आश्वासन के लिए आभार व्यक्त कर रहा है।
इस मुलाकात के बाद अब रागिनी के परिवार की उम्मीदें उसके बेहतर इलाज, सुरक्षित आवास और निर्बाध शिक्षा को लेकर बढ़ी हैं। सरकार की ओर से दिए गए आश्वासनों पर अमल किस गति से होता है, यह आने वाले समय में महत्वपूर्ण होगा।



